रीठा साहिब के जोड़ मेले की चंपावत में तैयारी बैठक लेतें एडीएम टीएस मर्तोलिया।
- फोटो : अमर उजाला
रीठा साहिब गुरुद्वारे में 16 मई से शुरू होकर तीन दिन तक चलने वाले जोड़ मेले के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। एडीएम टीएस मर्तोलिया की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बैठक में तीर्थयात्रियों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के साथ यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का निर्णय लिया गया। यातायात सुरक्षा के मद्देनजर डबल डेकर (दुमंजिला) ट्रकों को टनकपुर में ही रोकने का फैसला लिया गया। इसके लिए नानकमत्ता गुरुद्वारे से भी सहयोग लिया जाएगा। छोटे वाहनों को सूखीढांग से डांडा होते हुए रीठा साहिब भेजा जाएगा।
रीठा साहिब मेें सफाई व्यवस्था में जिला पंचायत के अलावा गुरुद्वारा भी सहयोग करेगा। जरूरत के हिसाब से पर्यावरण मित्रों की तैनाती और अस्थाई शौचालय भी बनाए जाएंगे। पेयजल व्यवस्था को बेहतर करने के साथ लंगर वाले स्थान मुड़ियानी में पेयजल टैंकर रखा जाएगा। गुरुद्वारे के प्रबंधक बाबा श्याम सिंह ने बताया कि मुख्य मेला 17 मई को होगा। उन्होंने मेले के लिए सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने का आग्रह किया।
बैठक में सीओ नरेश चंद, एआरटीओ रश्मि भट्ट, रोडवेज लोहाघाट डिपो के एजीएम राजेंद्र कुमार, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ.आरके जोशी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी, जल संस्थान के सहायक अभियंता आरके वर्मा, उप प्रभागीय वनाधिकारी एमएस सिमियां, लोनिवि के सहायक अभियंता सीएम पांडेय, रीठा साहिब के थानेदार कुंदन सिंह, दरोगा चंद्र सिंह, अग्रि सुरक्षा अधिकारी चंदन राम, जिला पंचायत के प्रशासनिक अधिकारी विजय उप्रेती आदि मौजूद थे।