लोहाघाट (चंपावत)। चामी चौमेल में चल रहे आषाढ़ी महोत्सव के अंतिम दिन यहां चामी गांव से मां भगवती की शोभायात्रा निकली। जिसमें सैकड़ों लोगों ने शिरकत का मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। इससे पूर्व यहां बुधवार की रात को देवडांगरों ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। बृहस्पतिवार को सुबह से ही चामी के भगवती मंदिर में विशेष पूजा, की गई। दोपहर बाद गांव के मंदिर से मां भगवती और मां महाकाली की शोभायात्राएं निकली।
रस्सों के सहारे दो किमी दुर्गम रास्तों से होते हुए खड़ी चढ़ाई पार कर रथ यात्रा देवी थान पहुंची। रथ में सवार भगवती की डांगर मधी देवी, मां महाकाली के रूप में पार्वती देवी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दे रही थी। रथ यात्रा के पीछे महिलाएं मां भगवती और मां महाकाली का जयकारा लगाते हुए चल रही थी। देर शाम देवी थान पहुंचने के बाद लोकदेवताओं ने अवतरित होकर स्नान कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। रथयात्रा के विसर्जन के बाद मंदिर परिसर में मेला लगा, जिसमें लोगों ने जमकर खरीदारी की।