पुलहिंडोला अस्पताल में डॉक्टरों के लगातार गायब रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अव्यवस्था को लेकर यहां के ग्रामीण लामबंद हो गए हैं। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में परिवर्तन लाने के लिए मुहिम शुरू कर दी है। इस संबंध में क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों एवं व्यापारियों की बैठक हुई, जिसमें वक्ताओं ने कहा कि अस्पताल में कहने को आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और एमबीबीएस के दो डॉक्टर तैनात किए गए हैं, लेकिन आयुर्वेदिक चिकित्सक डा.प्रकाश वर्मा के अलावा यहां किसी डॉक्टर का कोई अता-पता नहीं रहता है। फलस्वरूप लोगों को सर्दी-जुकाम के लिए तक लोहाघाट जाना पड़ता है।
इस अस्पताल में पंचेश्वर घाटी से लेकर मडलक, दिगालीचौड़, रौंसाल क्षेत्र के 35 हजार से अधिक लोगों का दबाव रहता है, लेकिन डॉक्टर नहीं होने से लोग मजबूर होकर लोहाघाट जाते हैं। कनिष्ठ प्रमुख पुष्पा पाटनी की अध्यक्षता और हेम पांडे के संचालन में हुई बैठक में सूबेदार उत्तम सिंह, दान सिंह भंडारी, लक्ष्मण सिंह भंडारी, शिवराज अधिकारी, गिरीश जोशी, गणेशदत्त, नवीन वर्मा, दीपक पंत आदि ने कहा कि डीएम और सीएमओ को बताने के बाद भी यदि कोई कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन का बिगुल फूंक देंगे।
अनुपस्थित डॉक्टरों के खिलाफ होगी कार्रवाई
सीएमओ डा.विनोद टोलिया ने कहा कि कि यह बात अभी उनके संज्ञान में आई है। डॉक्टरों का अपने तैनाती स्थल में न रहना घोर लापरवाही और जन स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। वे डॉक्टरों के अनुपस्थित रहने की जांच कराने के साथ ही उनके विरुद्ध कार्रवाई करेंगे।