लंबे समय से आंदोलनरत आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन की जिला इकाई ने सोमवार को एक बार फिर से सड़कों मे उतर कर हुंकार भरी। उन्होंने नारेबाजी करते हुए गोरलचौड़ मैदान से जिला कार्यालय तक विशाल रैली निकाली। कलक्ट्रेट में जिला उपाध्यक्ष विमला पनेरू की अध्यक्षता में हुई सभा में ब्लॉक अध्यक्ष दीपा पांडेय ने सभी बहनों से संगठित होकर लड़ाई लड़ने को कहा।
कहा राज्य सरकार जहां केंद्र सरकार के पास जाने को कहता है तो दूसरी ओर केंद्र सरकार का कहना है कर्मचारियों को स्थायी करना राज्य सरकार का काम है। यही हाल रहा तो वह आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे। संचालन सरोज तड़ागी ने किया। रैली में सुनीता पांडेय, पुष्पा खर्कवाल, भुवनेश्वरी, ममता, अनीता सहित विभिन्न ब्लॉकों से आई आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां शामिल रहे।
इधर टनकपुर में आंदोलित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया और तहसील में दिनभर धरने पर डटी रही। दस दिनों से तहसील में धरने पर बैठने के बाद सोमवार को जिलाध्यक्ष लीला महर के नेतृत्व में कार्यकर्त्रियां और सहायिकाएं सड़क पर उतर आईं। प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष सरोज मौनी, सरोज चंद, ऊषा चंद, सुषमा निगम आदि शामिल थे।
मातृ शिशु कर्मियों का धरना सातवें दिन भी जारी
छह सूत्रीय मांगों को लेकर मातृ शिशु तथा परिवार कल्याण महिला कर्मचारी संघ की जिला इकाई का धरना प्रदर्शन सोमवार को सातवें दिन भी जारी रहा। जिलाध्यक्ष जयंती खड़ायत के नेतृत्व में धरने में बैठने वालों में विनीता सिंह, मीनू जोशी, बबीता महर, नारायणी बिष्ट, द्रोपदी देवी आदि थे।