नरसिंहडांडा हाईस्कूल में शिक्षकों की तैनाती करो
- फोटो : अमर उजाला
2011 में उच्चीकृत हुए उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरसिंहडांडा में शिक्षकों की तैनाती न होने से पढ़ाई चौपट हो गई है। व्यवस्थाओं को लेकर नाराज अभिभावकों ने जिला कार्यालय परिसर पर प्रदर्शन किया। उन्होंने जिला निगरानी समिति की बैठक में शिरकत करने आए केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा और डीएम डॉ.अहमद इकबाल को ज्ञापन भी सौंपा।
अभिभावकों का कहना था कि उच्चीकरण के बाद से ही स्कूल में एलटी शिक्षकों के पद सृजित ही नहीं किए गए हैं। नए शिक्षा सत्र में दसवीं कक्षा की अधर में लटक गई है, जबकि बोर्ड की परीक्षाएं सिर पर आती जा रही हैं। यहां वर्तमान में एलटी के दो तथा जूनियर के दो सहायक अध्यापकों से काम चलाया जा रहा है।
स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष रमेश राम टम्टा और दीवान राम टम्टा के नेतृत्व में जिला कार्यालय पहुंचे अभिभावकों ने स्कूल में शीघ्र शिक्षकों की तैनाती न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने और ज्ञापन देने वालों में लक्ष्मण राम, कृष्णा राम, रवीश राम, हरीश राम, जीवन लाल, ललित प्रकाश, रमेश कुमार, ललित कुमार सहित तमाम ग्रामीण शामिल रहे।