लकड़ी के सहारे नाले को पार करते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
डीएम एसएन पांडे ने शनिवार को अपने मातहत अधिकारियों के साथ तीन ओर से नेपाल सीमा से घिरे थपलियालखेड़ा गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने डीएम के समक्ष मूलभूत समस्याएं उठाते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की।
ग्रामीणों ने डीएम के समक्ष टनकपुर बैराज से संपर्क मार्ग बनाने, बिजली की समस्या दूर करने, ग्रामीणों को पेयजल एवं सिंचाई सुविधा देने की मांग की। महिलाओं ने सड़क नहीं तो वोट नहीं की बात कही। इस पर डीएम ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता डीडी भट्ट को सड़क का आगणन कर प्रस्ताव भेजने, तहसीलदार पूनम पंत को वनगांव को राजस्व गांव घोषित करने संबंधी कार्रवाई करने, ट्यूबवेल निर्माण में आ रही बाधा दूर करने को शारदा रेंज के एसडीओ राजेश श्रीवास्तव को आवश्यक निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग द्वारा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय को दुर्गम से सुगम घोषित करने पर नाराजगी जताई। डीएम ने जिला शिक्षाधिकारी डीएस राजपूत को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने ग्रामीणों को आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड योजना की जानकारी दी। विद्युत विभाग के एसडीओ सोएब रजा ने बताया कि प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना के तहत 34 परिवारों के घरों को सोलर पैनल से प्रकाशमान किया जा रहा है। इस दौरान प्रधान बसंत राय, बीडीसी सदस्य जगदीश चंद, पूर्व ग्रामप्रधान हरीश चंद हैसियत, मोहन सिंह, माधवी देवी, पार्वती देवी आदि थे।