चंपावत जिला कार्यालय में जन सुनवाई दिवस में शिकायतें दर्ज कराते फरियादी।
- फोटो : अमर उजाला
जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई दिवस पर सात शिकायतें दर्ज कराई गईं। इस दौरान गोरलचौड़ निवासी नसीम ने अल्सर के इलाज के लिए आर्थिक सहायता दिलाने, गजीना की आशा जोशी ने सार्वजनिक शौचालय का भुगतान न होने, ग्राम पंचायत घुरचुम के रमेश चंद्र जोशी ने घुरचुम में हुए कार्यों में वित्तीय अनियमितता की जांच कराने की मांग की। डीएम रणवीर सिंह चौहान ने डीडीओ, जिला पंचायतराज अधिकारी को संयुक्त रूप से जांच कर तीन दिन में जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा गूठ गरसाड़ी के घनानंद शर्मा ने ग्राम पंचायत बड़पास और गूठ गरसाड़ी में वर्ष 2014 से 2018 तक कराए गए विकास कार्यों र की जांच कराने, गंगनौला के चेतराम ने पुत्र को नौकरी दिलाने और टिपनटॉप मंदिर के मुनि मुकेश गिरी ने क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन ठीक कराने की मांग की।
शिकायत पर डीएम ने एनएच के अधिशासी अभियंता को 48 घंटे में पेयजल लाइन ठीक कर अवगत कराने के निर्देश दिए। वहां सीडीओ एसएस बिष्ट, पीडी डीआरडीए एचजी भट्ट, सीईओ आरसी पुरोहित, सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी, लोनिवि ईई डीडी भट्ट, बीसी पंत, एलडी मथेला, सीवीओ डॉ. बीएस जंगपांगी आदि थे।
डीएम ने फरियादी को लगाई फटकार
चंपावत। जन सुनवाई दिवस पर रमेश चंद्र जोशी के घुरचुम के गुर्जिला चैकपाली में रजस्वला केंद्र का भुगतान न होने की शिकायत पर डीएम रणवीर सिंह चौहान बिफर गए और उन्होंने फरियादी को फटकार लगाई। डीएम ने महिलाओं के मासिक धर्म के समय उन्हें घर से बाहर रखने, अलग घर बनाने को महिलाओं का मानसिक उत्पीड़न बताते हुए इस प्रकार के कृत्य पर कठोर कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने डीडीओ और जिला पंचायतराज अधिकारी को इस तरह के प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए जांच करने को कहा।