डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने सीमांत सौराई में लगाई चौपाल
जन सुविधा शिविर में ग्रामीणों ने उठाईं विभिन्न समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
चंपावत। डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी के नेतृत्व में सीमांत सौराई गांव में चौपाल और जन सुविधा शिविर लगाया गया। इसमें ग्रामीणों ने डीएम से कहा कि सीमांत क्षेत्र में सड़क न होना प्रमुख समस्या है। इस कारण बीमार व्यक्तियों विशेष तौर पर गर्भवतियों को पैदल मंच सड़क तक ले जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत गोरखनाथ मंदिर से रणकोची मंदिर तक सड़क बनाने लिए साठ लाख रुपये मिल गए हैं। इसके लिए सर्वे का कार्य शीघ्र शुरू हो जाएगा। ग्रामीणों ने समाज कल्याण विभाग की पेंशन, किसान सम्मान निधि, अटल आवास योजना का लाभ दिलाने, एएनएम को सप्ताह में एक दिन बकोड़ा, सौराई में रोकने की मांग की।
डीएम ने पशुपालन विभाग को हफ्तेभर में क्षेत्र में पशु चिकित्सा, सिंचाई, लघु सिंचाई, कृषि, उद्यान विभाग के शिविर लगाने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों ने सौराई-भनार पैदल पुलिया, बकोड़ा प्राथमिक स्कूल का भवन बनाने, बिजली के झूलते तार कसने, राशनकार्ड में नाम दर्ज कराने की मांग की। डीएम ने प्राथमिक स्कूल में बने स्मार्ट कक्ष, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सीडीओ आरएस रावत, डीडीओ एसके पंत, बीडीसी सदस्य दिनेश बोहरा, उपप्रधान कैलाश सिंह बोहरा, वार्ड सदस्य दीवान सिंह, रमेश सिंह, कमल सिंह, सूरज सिंह समेत कई अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
फोटो 15 सीपीटी 01 पी, 02 पी।
बाक्स
पहली बार सौराई पहुंचे डीएम का ग्रामीणों ने किया स्वागत
चंपावत। किसी डीएम के पहली बार सीमांत सौराई गांव पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में पशुपालन, कृषि, उद्यान, मत्स्य, जड़ी बूटी, शिक्षा, उद्योग, ग्राम्य विकास विभाग समेत विभिन्न विभागों की ओर से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। संवाद
तीन विभागों के अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब
चंपावत। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के क्षेत्र में न आने की बात कही। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण देने के लिए कहा। वीपीडीओ के क्षेत्र में न रहने और राशन कार्ड में नाम अंकित न होने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया। संवाद