चंपावत। डीएम मनीष कुमार ने बृहस्पतिवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी और बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में अव्यवस्थित अभिलेख, फैले विद्युत तार, साफ-सफाई की कमी और जर्जर भवन देख नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। इस दौरान एक कर्मचारी को गुटखा खाते पाए जाने पर कड़ी चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभागीय कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के साथ ही कार्यालय में उपस्थिति, अभिलेखों, रजिस्टरों की जांच की। डीएम ने कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचने और बायोमैट्रिक से उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए।
डीएम ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन, नंदा गौरा योजना और पालना केंद्रों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पालना केंद्रों में स्वीकृत पदों के सापेक्ष कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर में नियमित सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने को कहा। संवाद