चंपावत। विधानसभा चुनाव के सफल संचालन के लिए पीठासीन और मतदान अधिकारी प्रथम का तीन दिनी प्रशिक्षण शुरू हो गया है। डीएम डॉ. अहमद इकबाल ने जीजीआईसी सभागार में मंगलवार को प्रशिक्षण का शुभारंभ किया। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। कहा कि लोकतंत्र के निर्माण में प्रत्येक पीठासीन, मतदान अधिकारी प्रथम का महत्वपूर्ण दायित्व है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में निर्वाचन में सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट, पीठासीन, मतदान अधिकारियों की भूमिका सराहनीय रही है, लेकिन कुछ कर्मचारियों की लापरवाही, अनुपस्थिति निर्वाचन को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहेगा तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस सेक्टर मजिस्ट्रेटों को भी निर्वाचन के दौरान सतर्क, चौकन्ना रहने, सभी बूथों का गहनता से निरीक्षण करने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।
मतदान कार्मिक प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी एचजी भट्ट, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के मास्टर ट्रेनर कमलेश कुमार, राजेश कुमार गोरकेला, गोविंद आर्या, डॉ. एमपी जोशी, अशोक कुमार ने ईवीएम की जानकारी दी। प्रशिक्षण में उप जिला निर्वाचन अधिकारी हेमंत वर्मा, आरओ लोहाघाट सीमा विश्वकर्मा, आरओ चंपावत अनिल चन्याल, तहसीलदार नीलू चावला, पूनम पंत सहित सभी पीठासीन, मतदान अधिकारी प्रथम थे।
चंपावत। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अहमद इकबाल ने विधानसभा में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सूचना विज्ञान केंद्र में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम का रैंडमाइजेशन कर विधानसभा क्षेत्रवार आवंटित की। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी हेमंत कुमार वर्मा, आरओ लोहाघाट सीमा विश्वकर्मा, एआरओ चंपावत पूनम पंत, सूचना विज्ञान अधिकारी मोहित लाल साह सहित भाजपा, सपा के प्रतिनिधि थे।