चंपावत। जनपद में राष्ट्रीय जनगणना के द्वितीय चरण की धीमी प्रगति पर डीएम मनीष कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। समीक्षा बैठक में मात्र 20 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने पर असंतोष जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तहसीलदार, सुपरवाइजर या प्रगणक यदि कोई भी कार्य में ढिलाई करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर निलंबन भी किया जा सकता है।
बता दें कि जनगणना का द्वितीय चरण 25 अप्रैल से 24 मई तक चलना है। जिले के तहसील क्षेत्रों में 370 प्रगणक और 62 सुपरवाइजर और नगर पालिका क्षेत्रों में 89 प्रगणक और 19 सुपरवाइजर इस कार्य में लगे हुए हैं। डीएम ने जनता से प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है। बैठक में एडीएम कृष्ण नाथ गोस्वामी, एसडीएम विपिन पंत, डीडीएमओ देवेंद्र पटवाल आदि अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।