फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चेतावनी बोर्ड नहीं लगाने पर डीएम नाराज

Wed, 04 Jul 2018 10:47 PM IST
अमर उजाला ब्यूराे टनकपुर (चंपावत)।
विज्ञापन
चंपावत में बरसात को लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों संग बैठक करते डीएम। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने जिले में बहने वाली नदियों, बारहमासी और बरसाती नालों में खतरे वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड नहीं लगाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।  बुधवार को डीएम कार्यालय में हुई बैठक में उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नदी, नालों को संवेदनशीलता की श्रेणी में वर्गीकृत करते हुए खतरे वाले स्थानों पर गहरे रंग से चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं।

विज्ञापन



जिलाधिकारी डॉ. अहमद इकबाल ने कहा कि वर्षा के जलस्तर को मापने के लिए गहरे रंगों से नदियों, गधेरों के पास दीवारों में जल मापक अंक अंकित करें। उन्होंने एक सप्ताह में रामगंगा, सरयू, काली, लधिया, क्वैराला, लोहावती, गंडक सहित सभी नदियों और बरसाती नालों के किनारे बसी आबादी, आवासीय भवनों को भी चिह्नित करने के निर्देश दिए। साथ ही नदियों, नालों, गधेरों में गत वर्षों तक किए गए कार्यों के साथ व्यय की गई धनराशि आदि का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

कालीढेक झील : सात करोड़ मुआवजा धनराशि ड्राफ्ट तैयार
चंपावत।  जिलाधिकारी डॉ. अहमद इकबाल ने सिंचाई विभाग को कोलीढेक झील की प्रगति से अवगत कराने को कहा। अपर सहायक अभियंता ने बताया कि प्रथम चरण में कोलीढेक झील के लिए आठ करोड़ की धनराशि शासन स्तर से स्वीकृत हुई है और झील के निर्माण के लिए प्रथम चरण में काश्तकारों की भूमि, भवन आदि का चिन्हीकरण पूर्ण कर लिया गया है। बताया कि चिह्नित 400 काश्तकारों की भूमि के लिए सात करोड़ की मुआवजा धनराशि का ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है और मुआवजा एक सप्ताह में बांटा जाएगा, जिस पर डीएम ने चिन्हीकरण में पारदर्शिता रखने, कार्य में तेजी लाने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने को कहा।
विज्ञापन


बैठक में ये लोग रहे मौजूद
इस मौके पर एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय, सहायक अभियंता सिंचाई कुंदन सिंह, अवर अभियंता अमित उप्रेती, लक्ष्मण कुमार, किशोर सिंह, राजन राय, मनोज भट्ट आदि मौजूद रहे।

जवाहर नवोदय में बढ़ेगी रसोई गैस सिलिंडरों की संख्या
चंपावत। जवाहर नवोदय विद्यालय के सभागार में बुधवार को डीएम डॉ. अहमद इकबाल की अध्यक्षता में प्रबंधन और सलाहकार समिति की बैठक हुई। इसमें डीएम ने विद्यालय के परीक्षा परिणामों खेलकूद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, साफ सफाई और छात्रों के पंजीकरण आदि की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। प्राचार्या बीनू जैन ने बताया कि वर्तमान में कुकिंग व्यवस्था के लिए 20 गैस सिलिंडर उपलब्ध हैं, जिन्हें बढ़ाए जाने की आवश्यकता है।

इस पर डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को मोबाइल पर विद्यालय का सर्वे कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य जांचके लिए सीएमओ को प्रत्येक तीन माह में एक महिला चिकित्सक द्वारा विद्यालय में कैंप कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने विद्यालय में कक्षा 6 में बच्चों के अधिक से अधिक पंजीकरण के लिये मुख्य शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखने, बालिका छात्रावास में ग्रीन सीट्स और ग्रीन चादर लगाने का प्रस्ताव तैयार करने, विद्यालय के आसपास उपलब्ध जल स्रोतों को रिचार्ज करने के लिए हरेले पर्व पर वन विभाग और अन्य विभागों से समन्वय बनाकर व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। वहां डा.आरके जोशी, महेश पांडेय, एसके दीक्षित, इंद्र सिंह बोरा, महेंद्र सिंह बोरा, आरपी मिश्रा, विद्याधर जोशी आदि थे।


आपदा प्रबंधन की बैठक आज
चंपावत। मौसम विभाग की ओर से समय-समय पर जारी मौसम संबंधी चेतावनी को देखते हुए पांच जुलाई को दो बजे से आपदा प्रबंधन की बैठक होगी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय ने बताया कि बैठक डीएम डा.अहमद इकबाल की अध्यक्षता में जिला सभागार में होगी।

राजस्व विभाग की मासिक बैठक कल
चंपावत। जिले में राजस्व तथा कानून व्यवस्था संबंधी मासिक बैठक छह जुलाई को साढ़े 11 बजे जिला कार्यालय सभागार में होगी। एडीएम हेमंत कुमार वर्मा ने बताया कि डीएम डा.अहमद इकबाल की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सूचनाओं के साथ उपस्थित होने को कहा गया है।

डीएम की संस्तुति को भेजी जाएगी मानदेय बढ़ोत्तरी की पत्रावली
लोहाघाट (चंपावत)। नगर पंचायत में कार्यरत संविदा पर्यावरण मित्रों ने मानदेय में वृद्धि करने की मांग को लेकर पांच जुलाई से प्रस्तावित बहिष्कार नगर पंचायत के प्रशासक और एसडीएम आरसी गौतम के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया है। संविदा कर्मियों की मांगों को देखते हुए पत्रावली का परीक्षण कर उनके मानदेय वृद्धि को लेकर डीएम को संस्तुति के लिए भेजा जाएगा। डीएम की संस्तुति मिलते ही उनके मानदेय में वृद्धि कर दी जाएगी।

नगर पंचायत के पर्यावरण मित्रों के मुखिया हरचरन लाल का कहना था कि वर्षों से नगर पंचायत में छह पर्यावरण मित्रों सहित करीब 10 संविदा कर्मचारी कार्यरत हैं। जिन्हें महज सात हजार रुपये मानदेय दिया जा रहा है, जबकि चंपावत नगर पालिका में इसी काम के लिए संविदा कर्मियों को 12 हजार रुपये मानदेय मिल रहा है। पर्यावरण मित्रों ने पूर्व में नगर पंचायत के ईओ और प्रशासक को पत्र भेज चार जुलाई तक मानदेय वृद्धि नहीं होने पर पांच जुलाई से कार्य बहिष्कार कर सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी दी थी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें