युवा कल्याण और प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से आयोजित जिला स्तरीय युवा महोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम मची रही। गोरलचौड़ मैदान में आयोजित महोत्सव का शुभारंभ डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी ने दीप जलाकर किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत कुमाऊं लोक सांस्कृतिक कला दर्पण लोहाघाट के कलाकार प्रदीप कुमार ने माता रानी की वंदना करते हुए देवी मैया महाकाली सुन मेरी पुकारा, आस लगै लगै आयूं तेरा दरबार से की।
महोत्सव में युवक और महिला मंगल दलों के अलावा कुमाऊं सुर सागर नरसिंहडांडा, सरस्वती कला केंद्र धरसों, पाटी, बाराकोट विकासखंड के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुति दी। लोकगीत वर्ग में लोहाघाट प्रथम, बाराकोट द्वितीय एवं चंपावत तृतीय स्थान पर रहा, जबकि लोकनृत्य में लोहाघाट प्रथम, बाराकोट द्वितीय और पाटी ने तीसरा स्थान पाया। चंपावत विकासखंड को चौथा स्थान मिला। जिला युवा कल्याण अधिकारी हरीश चंद्र जोशी ने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम आने वाले सांस्कृतिक दल को चार और पांच जनवरी को देहरादून में अपनी प्रस्तुति देनी होगी।
राज्य में पहला स्थान प्राप्त करने वाली टीम 12 से 16 जनवरी तक छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय युवा महोत्सव में प्रतिभाग करेगी। इस मौके पर सीडीओ एसएस पांगती ने भी युवक और महिला मंगल दलों से टीकाकरण, स्वच्छता, मनरेगा आदि कार्यों के प्रचार-प्रसार में सहयोग देने को भी कहा। शिक्षक नेता जीवन मेहता और राजेश चौबे के संचालन में हुए कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी शिल्पी पंत, नंदन जोशी, युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अर्जुन ढेक, दीपा जोशी, विनोद नेगी आदि मौजूद रहे। निर्णायकों में राजेंद्र गहतोड़ी, प्रकाश राय, मुकेश गिरि आदि शामिल रहे।