एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा ने एकल खिड़की योजना के कार्यान्वयन हेतु जिला कार्यालय सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में नामित विभागों के नोडल अधिकारियों को दिशा निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि एकल खिड़की योजना के तहत सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्योंगों की स्थापना के लिए निवेशकों से प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों को नामित विभाग 15 दिनों की निर्धारित समय सीमा में विभागीय अनापत्ति अनुज्ञा देना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर डीएम की अध्यक्षता में जिला प्राधिकृत समिति का गठन किया गया है, जो माह में दो बार बैठक कर प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों पर विभागीय कार्यो की समीक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि समय सीमा के भीतर आवेदन का निस्तारण न करने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यशाला में देहरादून से आये प्रशिक्षक मोहित शर्मा ने बताया कि एकल खिड़की व्यवस्था को सक्रिय और सुचारू रूप से क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार ने उद्यम एकल खिड़की सुगमता और अनुज्ञापन नियमावली 2015 लागू की है। जिसके अंतर्गत निवेशकों के लिए बेब पोर्टल तैयार किया गया है। जिस पर निवेशक के इच्छुक उद्यमी ऑनलाइन एप्लीकेशन भर सकते है तथा प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को ऑनलाइन अग्रसारित किया जाना है। उन्होंने प्रोजेक्टर के माध्यम से एकल खिड़की व्यवस्था में प्राप्त आवेदनों के निस्तारण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। कार्यशाला में सीनियर कसंलटेंट कौशलेंद्र सिंह, सीएमओ डा.विनोद सिंह टोलिया, पीडी केएन तिवारी, एसडीओ महिपाल सिंह सिरोही, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी एनसी कोठारी, एफएसओ मोहन राम, समाज कल्याण अधिकारी पीसी जोशी, कृषि अधिकारी चंद्रशेखर पांडेय तथा आईआर आर्या, जीबी जोशी आदि उपस्थित थे।