लोहाघाट (चंपावत)। कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों के बावजूद भी बाहरी स्थानों से तेजी से लोगों के अपने घरों को आने क्रम जारी है। बाहरी स्थानों से आने वालों को कोरोना सैंपल लेने के बाद सीधे घरों को भेजने पर लोगों ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने प्रशासन से सेंपल देने वाले व्यक्तियों को अनिवार्य रूप से सात दिनों के लिए क्वारंटीन होने के कड़े आदेश जारी करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से बाहरी राज्यों, जिलों से आने वाले लोगों के सैंपल तो लिए जा रहे हैं, लेकिन उन्हें क्वारंटीन रहने के कोई निर्देश जारी नहीं किए जा रहे हैं। सैंपलिंग कराने के बाद बाहरी स्थानों से आने वाले लोग सीधे अपने घरों में पहुंच रहे हैं। जो शादी विवाह, सामाजिक कार्यक्रमों के अलावा पूरे गांव घरों में लोगों से मिल रहे हैं। तीन चार दिन बाद कई लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच रहा है। इस दौरान पॉजीटिव लोग सैंकड़ों लोगों के संपर्क में आते हैं, जिससे कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
पॉजिटिव व्यक्ति किस किस के संपर्क में आया है इसकी पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाती है। इससे गंभीर समस्या पैदा हो रही है। लड़ीधुरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष नगेंद्र कुमार जोशी ने प्रशासन से बाहरी स्थानों से आने वाले लोगों के सैंपल लेने के बाद उन्हें अनिवार्य रूप से कम से कम सात दिनों के लिए क्वारंटीन करने के सख्त निर्देश देने की मांग की है। एसडीएम आरसी गौतम का कहना है कि बाहर से आने वालों के सैंपल लेने के साथ 14 दिन होम आइसोलेशन में रहने के नोटिस जारी किए जा रहे हैं। एसडीएम का कहना है कि नोटिस का उल्लंघन करते हुए पकड़े जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।