चंपावत। जिले की वन पंचायतों को सशक्त बनाने, पर्यावरण संरक्षण और आय बढ़ाने के लिए जिला सभागार में डीएम मनीष कुमार की अध्यक्षता में सरपंचों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में बताया गया कि जिले में 568 वन पंचायतें संचालित हैं जिनमें 25173 हेक्टेयर क्षेत्र शामिल हैंं। सरपंचों के सुझावों के आधार पर वन पंचायतों की विकास दिशा तय करने पर जोर दिया गया।
संंवाद के दौरान विभिन्न सरपंचों ने वनाग्नि प्रबंधन, झाड़ी कटान, चहारदीवारी निर्माण, जल स्रोतों के जीर्णोद्धार और पंचायत भवन निर्माण जैसे मुद्दे उठाए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे ने भी जंगलों के संरक्षण और जल बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।