चंपावत जिले के सियाला ग्राम पंचायत के बांजा तोक में भूस्खलन की जद में आई जमीन।संवाद
चंपावत। जिले के सियाला ग्राम पंचायत के चार आपदा प्रभावित परिवारों का दो साल बाद भी विस्थापन नहीं हो पाया है। जिस कारण प्रभावित परिवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर आपदा प्रभावितों को आवास और जमीन आवंटित करने की मांग उठाई है।
कहा गया है कि 2021 में हुए जबर्दस्त भूस्खलन के कारण सियाला ग्राम पंचायत के बांजा तोक के चार परिवारों के आवास खतरे की जद में आ गए थे। जिसमें प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को गांव के ही अन्य खाली मकानों में रहने की व्यवस्था कराई थी। तब प्रत्येक परिवार को आठ हजार रुपये की सहायता दी गई थी। लेकिन दो साल बीतने के बाद पीड़ित परिवारों को किराए की धनराशि तक नहीं मिल पाई है। ग्राम प्रधान और प्रभावित ग्रामीणों की ओर से दिए गए ज्ञापन में विस्थापन किए जाने, आवास और भूमि की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की मांग उठाई गई है।