दिगालीचौड़ में पिछले तीन माह से रसोई गैस न मिलने से गुस्साए लोगों ने ज्येष्ठ प्रमुख हीराबल्लभ जोशी के नेतृत्व में लोहाघाट आकर गैस प्रबंधक प्रदीप कार्की का घेराव किया। लोगों का कहना है कि दूरस्थ क्षेत्र में रसोई गैस न मिलने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ब्लाक प्रमुख योगेश मेहता ने महाप्रबंधक गैस टीएस मर्तोलिया से फोन पर बात कर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को हो रही दिक्कतों की जानकारी दी। जिस पर मर्तोलिया ने मंगलवार को गैस की अतिरिक्त आपूर्ति करने का आश्वासन दिया। गैस प्रभारी प्रदीप का कहना था कि हल्द्वानी स्थित प्लांट से गैस की आपूर्ति कम होने के कारण वितरण व्यवस्था गड़बड़ाई हुई है। बाद में ब्लाक प्रमुख के हस्तक्षेप के बाद लोगों ने अपना घेराव समाप्त किया। घेराव करने वालों में बीडीसी सदस्य जगदीश राम, गंगा राम, मोनू बिष्ट, दिनेश राम, ग्राम प्रधान भुवन सुतेड़ी, फतेह सिंह आदि शामिल थे।
जिला मुख्यालय में सोमवार को पांच दिनों बाद गैस सिलेंडरों का वाहन पहुंचा तो गैस एजेंसी में उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लग गई। कई लोगों को बिना सिलेंडर लिए ही लौटना पड़ा। गैस एजेंसी प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा का कहना है कि हल्दूचौड़ प्लांट से कम आपूर्ति होने के कारण चंपावत सहित अन्य स्थानों में रसोई गैस का संकट बना हुआ है। चंपावत गैस एजेंसी की ओर से प्रतिदिन तीन वाहनों की अग्रिम बुकिंग इंडेन आयल कारपोरेशन को भेजी जा रही है।