चंपावत। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) पीएस सैलाल ने कहा कि नेपाल से लगी प्रदेश की 250 किलोमीटर सीमा पूरी तरह महफूज है। मंगलवार को पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर एवं चंपावत जिले से लगी सीमा की सुरक्षा को बेहतर करने के लिए एसएसबी और अन्य एजेंसियों में समन्वय है। सरकार की आधुनिकीकरण योजना के तहत नेपाल सीमा से लगे थानों के बुनियादी ढांचे को बेहतर किया जा रहा है, जिसके तहत सीमा के थानों का निर्माण, पुख्ता संचार सुविधा सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
डीआईजी ने कहा कि बदलते वक्त और अपराध की प्रवृत्ति को देखते हुए पुलिस के मौजूदा मानव संसाधन में बढ़ोतरी की जरूरत है। रिवाइज्ड मैनपावर का प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय भेजा जाएगा। दावा किया गया कि कुमाऊं मंडल में क्राइम रेट में कमी आई।
अलबत्ता बाहरी लोग, फेरीवालों सहित कई अजनबियों के सत्यापन के सभी एसपी को निर्देश दिए गए हैं। सड़क हादसों पर कमी लाने को नियमित रूप से सभी जिलों में अभियान चलाने को कहा गया है। कहा कि मां पूर्णागिरि धाम में मेले की पुख्ता सुरक्षा के उपाय किए गए हैं। वार्ता के दौरान एसपी दिलीप सिंह कुंवर मौजूद थे।
डीआईजी पीएस सैलाल ने मंगलवार को पुलिस लाइन और कोतवाली का मुआयना किया। अभिलेखों के अलावा हथियारों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यहां की व्यवस्था पर संतोष जताया। एसपी दिलीप सिंह कुंवर ने व्यवस्थाओं की जानकारी दी। सैलाल ने पुलिस कर्मियों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान सीओ राजन सिंह रौतेला, प्रभारी कोतवाल महेश चंद्र आदि मौजूद थे।