तीन सप्ताह बाद खुली धौन-बड़ौली सड़क। संवाद
चंपावत। 22 जुलाई से बंद धौन-बड़ौली सड़क आखिर पूरे तीन सप्ताह बाद खुल गई। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के निचले हिस्से से लगी इस सड़क को खोलना चुनौती बना हुआ था। यहां तक कि एनएच पर स्वांला से भू कटाव से गिरने वाला मलबा भी इसी मार्ग पर आ रहा था। कार्यदायी एजेंसी ने दस अगस्त से दो मशीन लगाकर रविवार दोपहर बाद छह किमी लंबी सड़क खोल दी। इससे ग्रामीणों ने राहत महसूस की है। जिले की तीन अन्य सड़कों को रविवार को खोल दिया गया। शनिवार रात बंद सिप्टी-अमकड़िया, अमोड़ी-छतकोट और जैगांव-जैतोली सड़क खुल गई।
चंपावत जिले की बारिश का आकड़ा:
लोहाघाट: 2 मिमी
बनबसा: 5 मिमी
बाक्स
खकोड़ा में बारिश से आवासीय मकान हुआ ध्वस्त
लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट के रेगड़ू के खकोड़ा तोक में एक आवासीय मकान बारिश से ध्वस्त हो गया। परिजनों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। मकान ध्वस्त होने के बाद पीड़ित परिवार ने पड़ोसी के घर में शरण ली।
खकोड़ा के प्रहलाद राम का मकान भारी बारिश के चलते भरभराकर गिर गया। इस दौरान प्रह्लाद सहित परिवार के पांच लोग घर के भीतर सो रहे थे। जैसे ही मकान के गिरने की आहट मिली, परिजन आनन फानन घर से निकल गए। प्रभावितों ने पड़ोसियों के घर शरण ली है। ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह, बीडीसी सदस्य दरबान सिंह की सूचना पर राजस्व उप निरीक्षक राजीव मेहरा ने मौका मुआयना कर नुकसान का जायजा लिया। प्रह्लाद राम के परिवार को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। ग्रामीणों ने प्रह्लाद राम के परिवार को जल्द मुआवजा देने की मांग की है।