टनकपुर (चंपावत)। बकाया भुगतान की मांग को लेकर नगर पालिका के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार से पालिका कार्यालय परिसर में बेमियादी धरना शुरू किया है। वह मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रखेंगे। इस मामले में नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय ने तीन सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे पालिका बोर्ड की बैठक बुलाई है। इसमें विधायक हेमेश खर्कवाल, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष और सांसद प्रतिनिधि को भी आमंत्रित किया गया है।
नगर पालिका सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन ने पालिका प्रशासन को 15 दिन पहले आंदोलन का नोटिस दिया था। जिसमें कहा गया था कि बकाया भुगतान न मिलने पर वे एक सितंबर से बेमियादी आंदोलन करेंगे। नोटिस के बावजूद उनकी मांग पूरी नहीं हुई। संगठन के अध्यक्ष जगन्नाथ प्रसाद और मंत्री राकेश वाल्मीकि के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को पालिका कार्यालय पहुंचे सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर बेमियादी धरना शुरू कर दिया।
उन्होंने कहा कि हर बार बजट मिलने पर भुगतान का आश्वासन दिया जाता रहा है, लेकिन बजट न मिलने का खामियाजा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को परेशानी का सामना पड़ रहा है। धरने में रूप सिंह, विशंबर, शमशेर चंद, राम कुमार, लालाराम, श्रीपत आदि थे।