चंपावत/लोहाघाट। नव संवत्सर और प्रथम नवरात्र पर जिले भर में मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो गए थे। सबसे ज्यादा भीड़ गोलू मंदिर में उमड़ी। इसके अलावा मानेश्वर, डिप्टेश्वर, हिंगलादेवी, बालेश्वर, नागनाथ, क्रांतेश्वर, ताड़केश्वर, भागेश्वर, सप्तेश्वर, गुरु गोरखनाथ धाम, मल्लाड़ेश्वर, सिद्ध नरसिंह मंदिरों सहित सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की।
सरस्वती शिशु मंदिर में नव संवत्सर कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें प्रधानाचार्य भैरव सिंह कार्की ने नव संवत्सर के महत्व की जानकारी दी। नवीन चंद्र के संचालन में हुए कार्यक्रम में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम में महेश, मुरली, कमला, सरस्वती, भावना आदि मौजूद रहे।
लोहाघाट में नव संवत्सर के मौके पर हनुमान मंदिर में पुजारी जगदीश ओली ने पूजा अर्चना कराई। बाद में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने घंटे घड़ियाल और ध्वज फहराकर हनुमान मंदिर से मीनाबाजार हथरंगिया स्टेशन बाजार, खड़ी बाजार होते हुए नगर भर कर लोगों को नव संवत्सर की शुभकामनाएं दीं। देवीधुरा सरस्वती शिशु मंदिर के स्कूली बच्चों ने रैली निकाली। बाराही मंदिर में पूजा अर्चना की गई। इस दौरान नगर कार्यवाहक मुकेश जोशी, पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, हितेश मुरारी, राजू गडकोटी, भास्कर गडकोटी, विवेक ओली, शांभवी मुरारी, दीपक जोशी, श्याम मुरारी, सुरेश आदि मौजूद रहे। इधर नगर के ऋषेश्वर मंदिर, पंचेश्वर, रामेश्वर बाराहीधाम देवीधुरा आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।