फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Champawat News: पूर्णागिरि धाम में बस ने रौंदे श्रद्धालु, दो सगी बहनों समेत पांच की मौत

Thu, 23 Mar 2023 11:55 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चम्पावत
विज्ञापन
घटना स्थल ठुलीगाड़ में खड़ी यात्रियों को कुचलने वाली बस। संवाद - फोटो : घटना स्थल ठुलीगाड़ में खड़ी यात्रियों को कुचलने वाली बस। संवाद
विज्ञापन

विज्ञापन
टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि मेले में अचानक बेकाबू हुई बस ने राह चलते श्रद्धालुओं को रौंद दिया। हादसे में दो सगी बहनों समेत पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि दो मासूम बच्चों समेत आठ श्रद्धालु घायल हो गए। मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। तीन लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हुई जबकि एक ने अस्पताल में उपचार के दौरान और पांचवे श्रद्धालु ने हायर सेंटर ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ा। हादसा होते ही घटना स्थल पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। हादसे की वजह बस चालक की लापरवाही मानी जा रही है जो हादसा होते ही मौके से फरार हो गया। डीएम ने हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं।


नवरात्र के दूसरे दिन बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे उत्तर प्रदेश के बहराइच और बदायूं के श्रद्धालुओं का जत्था देवी मां के दर्शन कर ठुलीगाड़ पहुंचा। इसी दौरान पुलिस चौकी से सटे स्टैंड की ढलान से उतर रही निजी बस (यूए 12-3451) अचानक बेकाबू होकर श्रद्धालुओं के जत्थे पर चढ़ गई।
विज्ञापन


हादसे में सोहरवा थाना रामगांव बहराइच निवासी बद्री नारायण (43) पुत्र राम लखन, माया राम (29) पुत्र बब्बू, पिनडोल बिल्सी बदायूं निवासी अमरावती (30) पत्नी महराम सिंह और उसकी छोटी बहन नेत्रावती (20) पुत्री वीर सिंह की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि सोहरवा थाना रामगांव निवासी बहराइच निवासी घायल रामदेई (30) पत्नी तोता राम ने हायर सेंटर ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया।


हादसे में मृतक सोहराव थाना रामगांव बहराइच निवासी बद्री की पत्नी कौशल्या देवी (40), चार साल की मासूम बेटी सरोज और पांच साल की राधिका के अलावा मृतका अमरावती की साढ़े तीन साल की मासूम बेटी प्रियांशी, कुसुम देवी (59) पत्नी राम सूरत, पार्वती देवी (40) पत्नी लालता प्रसाद, पिनडोल सोहरवा थाना रामगांव बहराइच निवासी राम सूरत (48) पुत्र अशरफी, महराम सिंह (35) पुत्र राम सिंह निवासी पिनडोल बिल्सी बदायूं उत्तर प्रदेश घायल हुए हैं।

इधर हादसा होते ही घटना स्थल पर चीख पुकार मच गई। पुलिस एवं वहां मौजूद लोगों की मदद से घायलों को 108 और निजी वाहनों से फौरन उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सा अधीक्षक डॉ. घनश्याम तिवारी, डॉ. मो. उमर, डॉ. मानवेंद्र शुक्ल और चिकित्सा कर्मियों की टीम ने उनका उपचार किया।



ब्रेक नहीं लगने से काल बनी बस
टनकपुर (चंपावत)। ठुलीगाड़ बस स्टैंड के ढलान से नीचे उतर रही बस ब्रेक नहीं लगने की वजह से मौत बनकर काल बन गई और पलक झपकते ही पांच श्रद्धालुओं की जान ले ली। माना जा रहा है कि चालक ने बस स्टार्ट करने के बाद ब्रेक का प्रेशर नहीं लिया होगा जिस कारण ब्रेक नहीं लगने से बस बेकाबू होकर श्रद्धालुओं के जत्थे को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। संवाद


मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख, घायलों को 50-50 हजार की घोषणा
टनकपुर (चंपावत)। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि हादसे में प्रभावितों की हरसंभव सहायता की जाएगी। हादसे की सूचना पर घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे डीएम ने बताया कि घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। कहा कि हादसे के कारणों की गहन जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद
विज्ञापन



मंत्री रेखा ने घायलों का हाल जाना

टनकपुर। प्रदेश की बाल विकास एवं जिले की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने उप जिला अस्पताल पहुंचकर बस हादसे में घायल श्रद्धालुओं का हाल जाना। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी। मंत्री आर्या ने कहा कि प्रभावितों को हर प्रकार की मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं। मृतकों के परिवारों को दुर्घटना राहत कोष से तत्काल आर्थिक मदद देने के साथ ही प्रभावितों को घर तक पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा गया है। इस दौरान मंत्री ने घायलों के बीच बैठकर हादसे की जानकारी ली और डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी व एसपी अमित श्रीवास्तव को हादसे की गहनता से जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।




विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें