मां पूर्णागिरि के दर्शन को आगे बढ़ते श्रद्धालु। संवाद
टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि मेले में तीसरे दिन भी नेपाल के श्रद्धालुओं के जत्थों का मां के दर्शन के लिए आना जारी रहा। दिन में गर्मी की वजह से रात में मां के दर्शन को अधिक संख्या में श्रद्धालु उमड़े। सीओ शिवराज सिंह राणा ने बताया कि करीब 15 से 20 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। इससे धाम के पड़ाव क्षेत्रों का माहौल भक्तिमय बना हुआ है।
बता दें कि शनिवार से नेपाल के श्रद्धालुओं का बनबसा और टनकपुर के बैराज मार्ग से मां के दर्शन को आना शुरू हुआ। सोमवार को भी नेपाल के श्रद्धालुओं के जत्थे मां के दर्शन को पहुंचे। सीओ ने बताया कि नेपाल के श्रद्धालु अधिक संख्या में पहुंच रहे हैं। उधर, बताया गया कि यूपी के मैदानी क्षेत्र मेंं गेहूं की फसल और लोकसभा चुनाव के अगले चरणों की गहमा गहमी के चलते श्रद्धालुओं की आवक कुछ धीमी रही। संवाद