लोहाघाट में रविवार को मां भगवती देवी महोत्सव के आयोजन को लेकर बैठक की। स्रोत : समिति
लोहाघाट (चंपावत)। नगर लोहाघाट के मां भगवती मंदिर देवीधार में छह जुलाई से पांच दिवसीय महोत्सव के आयोजन को लेकर बैठक की गई। इस दौरान महोत्सव के रजत जयंती वर्ष पूर्ण होने पर नौ दिवसीय देवी भागवत कथा का आयोजन भी किया जाएगा।
रविवार को देवीधार सांस्कृतिक विकास समिति के अध्यक्ष जीवन मेहता की अध्यक्षता में बैठक हुई। बताया कि इस बार मां भगवती देवीधार महोत्सव को 25 साल पूरे होने पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 26 जून से चार जुलाई तक नौ दिवसीय देवी भागवत कथा का आयोजन होगा। कथा के बाद छह जुलाई से पांच दिवसीय देवी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्य मेला 10 जुलाई को होगा। मेले में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेल और शैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस बार 25 साल पूर्ण होने पर मेला कमेटी क्षेत्र के बुजुर्गों, महिलाओं और विशेष भूमिका निभाने वाले सहयोगियों का सम्मान करेगी। उन्होंने बताया कि मेले में सिर्फ बीते सालों की तरह इस बार भी दुकानें लगेंगी। वहां मुख्य संरक्षक प्रहलाद सिंह मेहता, नरेश राय, नाथू राम राय, योगेश मेहता, सोनू बिष्ट, जितेंद्र राय, मदन राम, राकेश मेहता आदि मौजूद रहे।