जिले की प्रभारी एवं प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास, पशुपालन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रेखा आर्य ने रविवार को परिवार के साथ मां श्री पूर्णागिरि के दरबार में मत्था टेका। मंदिर समिति ने मंत्री का जोरदार स्वागत किया। समिति के आग्रह पर मंत्री ने मां पूर्णागिरि धाम में विकास कार्यों के लिए जिला योजना मद से पचास लाख रुपये देने की घोषणा।
मंत्री रेखा आर्य रविवार सुबह पति जीएल साहू, बेटी वैष्णवी, बेटा रुद्राक्ष एवं कृष्णा साहू के साथ मां पूर्णागिरि धाम पहुंची। काली मंदिर गेट पर मंदिर समिति के अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय के नेतृत्व में पुजारियों ने मंत्री का स्वागत किया। मंत्री आर्य ने आम श्रद्धालुओं की तरह लाइन में लगकर मां श्री पूर्णागिरि के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। लौटते वक्त मंदिर समिति कार्यालय में मंत्री ने समिति पदाधिकारियों से धाम के विकास पर चर्चा की। समिति के प्रस्तावों पर मंत्री ने मार्ग निर्माण, मंदिर के सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइटें आदि विकास कार्यों के पचास लाख रुपये देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सोमवार को जिला योजना की बैठक में इस प्रस्ताव की संस्तुति की जाएगी। इस मौके पर समिति के सचिव गिरीश पांडेय, उपाध्यक्ष कैलाश पांडेय, कोषाध्यक्ष नीरज पांडेय, पवन तिवारी, मोहन पांडेय, महेश पांडेय, भुवन तिवारी, गिरीश तिवारी, रोहित मिश्रा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया आदि मौजूद थे।
पूूर्व प्रांत प्रचारक महेंद्र के साथ किया गो सेवा केंद्र का निरीक्षण
मां पूर्णागिरि के दर्शन के बाद टनकपुर पहुंचीं जिले की प्रभारी मंत्री रेखा आर्य ने आरएसएस के पूर्व प्रांत प्रचारक महेंद्र सिंह के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। पूर्व प्रांत प्रचारक ने मंत्री को तहसील के पुराने भवन में संचालित गो सेवा सदन के बारे में जानकारी देते हुए सरकार से वृहद गो सेवा केंद्र बनाने का प्रस्ताव रखा। मंत्री ने गो सेवा केंद्र में संरक्षित घायल एवं बीमार पशुओं को देखा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि गो सेवा केंद्र के प्रस्ताव कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने पशु चिकित्सालय की व्यवस्थाएं भी देखीं
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रेखा आर्य ने राजकीय पशु चिकित्सालय का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीके शर्मा ने मंत्री के समक्ष अस्पताल में स्टाफ की कमी की समस्या रखी। उन्होंने कहा कि स्टाफ कम होने से अस्पताल एवं गो सेवा केंद्र में संरक्षित पशुओं के इलाज में समस्या आ रही है। मंत्री ने स्टाफ की कमी को जल्द दूर कराने की बात कही।