सूखीढांग-टांण मोटर मार्ग के मलबे से पातल में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन।
- फोटो : अमर उजाला
सूखीढांग से टांण तक बनाए जा रहे मोटर मार्ग के मलबे की चपेट में आकर तलियाबांज ग्राम पंचायत के पातल तोक की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे धूरा और चौड़ाकोट सहित कई अन्य गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के टनकपुर उपखंड की ओर से बनाई जा रही सड़क के निर्माण के दौरान मलबा निस्तारण के मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल लाइन ध्वस्त होने के साथ ही उनके गोचर, पनघट और संपर्क मार्ग पूरी तरह से बंद कर दिए गए हैं। गुस्साए ग्रामीणों ने विधायक कैलाश गहतोड़ी सहित लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन भेज कर क्षतिग्रस्त पेयजल योजना की मरम्मत की मांग उठाई है।
ग्रामीणों ने कहा कि मामले की जानकारी लोनिवि के अवर अभियंता को दिए जाने के बाद भी एक स्थानीय दबंग जनप्रतिनिधि के कहने पर लाइन की मरम्मत नहीं की जा रही है। जिससे ग्रामीण बीते एक सप्ताह से एक किमी दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। इसके साथ ही पातल में सड़क का मलबा मुख्य मार्ग, संपर्क मार्ग, गोचर, पनघट पर डाल दिया गया है। जिससे छोटे छोटे स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं मवेशियों के आने जाने का रास्ता भी मलबे से अवरुद्ध हो गया है। उन्होंने जल्द से जल्द पेयजल लाइन दुरुस्त करने के साथ ही संपर्क मार्गों से मलबा हटाने की मांग उठाई है। ज्ञापन देने वालों में शंकर दत्त जोशी, हीराबल्लभ जोशी, कैलाश जोशी, क्रांतिबल्लभ, लोकमणी, हेम चंद्र जोशी, ईश्वरी दत्त, कृष्णानंद जोशी, किशोर जोशी, अजय जोशी आदि ग्रामीण शामिल हैं।