500 और 1000 रुपए के नोट बंद होने से परेशान लोग सोमवार को एक बार फिर से बैंक और एटीएम बंद रहने से मायूस रहे। सोमवार को जहां बैंक बंद रहे वहीं अधिकांश एटीएम के शटर भी डाउन रहे। इक्का दुक्का एटीएम जो खुले भी रहे उनसे रुपया नहीं निकला। अलबत्ता तसल्ली के लिए कई लोग खुले एटीएम में पूछताछ करते रहे।
भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में अब तक करेंसी नहीं पहुंचने से एटीएम और अन्य बैंकों को नगदी जारी नहीं हो सकी है। जिसका असर मंगलवार को पड़ने की आशंका है। बताया जाता है कि जिले के सीमांत से लगा होने के कारण यहां करेंसी के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल नहीं मिल पा रहा है। वहीं शादी विवाह वाले घरों के लोग छोटे नोट के लिए एक दूसरे से मदद मांग रहे हैं। रविवार देर शाम यूको बैंक की ओर से अपने एटीएम में कुछ धनराशि डाली गई। लेकिन वह कुछ ही मिनटों में खत्म हो गई।
विवाह वाले घरों में ठंड में छूट रहे हैं पसीने
लोहाघाट (चंपावत)। बड़े नोटों की अदला बदली न होने से बेटी का विवाह रच रहे लोगों को पैसा होने के बावजूद भी इस ठंड में पसीने छूट रहे हैं। फोर्ती के प्रमुख राज्य आंदोलनकारी केदार सुतेड़ी ने अपनी बेटी मेघा की शादी के लिए 7 नवंबर को बैंक से रुपए निकाले, लेकिन अगले हीे दिन से ही बड़े नोटों का प्रचलन बंद हो गया तब से सुतेड़ी तथा उनकी पत्नी विमला रोज बैंक की लाइन में खड़े हो रहे हैं। उनका बेटा मनीष हरियाणा के गुरुग्राम में बैंकों के चक्कर काट रहा है। सुतेड़ी का कहना है कि 6 दिसंबर को होने वाली शादी के लिए उनके लिए एक एक पल महत्वपूर्ण है तथा उन्हें रोज लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है। अब वह उधारी में व्यवस्था चलाने के लिए मजबूर हैं। लड़की की ओर से गुल्लक में जमा किए गए रुपए भी बदल नहीं पा रहे है। उन्हें इस बात का संतोष है कि परिस्थितियों को देखते हुए वर पक्ष की ओर से उनके तनाव को कम करने में मदद की जा रही है। यहीं हाल फोर्ती के एमडी सुतेड़ी का भी है 30 नंवबर को होने वाली बेटी की शादी के लिए सुतेड़ी दंपति रोज बैंक में लाइन लगा रहे हैं।
नैनीताल बैंक में कल से मिलेगी नई करेंसी
लोहाघाट (चंपावत)। नैनीताल बैंक की सभी शाखाओं में 16 नंवबर से उपभोक्ताओं को 500 और 2000 के नए नोट मिलने लगेंगे। शाखा प्रंबधक सीएस जोशी के अनुसार लोहाघाट शाखा में अभी तक 3.26 करोड़ रुपए जमा किए जा चुके हैं। जिले की सभी नैनीताल बैंक की शाखाओं में मंगलवार शाम तक नए नोट पहुंच जाएंगे और 16 नवंबर से वितरण शुरू हो जाएगा। यूनियन बैंक में भी बुधवार से नए नोट मिलने लगेगें। शाखा प्रबंधक कुलदीप राणा के अनुसार बैंक में अभी तक एक करोड़ रुपए जमा किए जा चुके है। स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा में अभी तक पौने छह करोड़ रुपया जमा किया जा चुका है जबकि 60 लाख रुपए के नोट बदले गए हैं।