खेतीखान में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक में निर्माणाधीन स्मृति पटल में घटिया गुणवत्ता का ?
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। खेतीखान के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मारक परिसर में ग्रामीण निर्माण विभाग की ओर से बनाए जा रहे स्मृति पटल में अनियमितता का आरोप लगाते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों और अन्य लोगों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर मानकों के अनुरूप कार्य नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हर्ष देव ओली के पौत्र राजेश ओली का कहना है कि ग्रामीण निर्माण विभाग की ओर से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक परिसर में स्मृति पटल का निर्माण किया जा रहा है। आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई है जिसके चलते स्मृति पटल एक ओर झुक गया है और वहां खतरा पैदा हो गया है। ओली का कहना है कि विभागीय अभियंता से कई बार मौखिक रूप से कार्य की गुणवत्ता को ठीक करने की मांग की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
ओली का कहना है कि स्वतंत्रता संग्राम में यहां के हर्षदेव ओली, दुर्गादत्त ओली, पूर्णानंद जोशी, दयाराम ओली का अहम योगदान रहा है। उनकी स्मृति में यहां स्मारक बनाया गया है। स्मारक के पास बन रहे स्मृति पटल को पूर्ण गुणवत्ता से बनाया जाना चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में राजेश ओली, गणेश राम, प्रदीप ओली, अनिल बोहरा आदि शामिल थे। इधर ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता केके जोशी का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में अभी आया है। मामले की जांच कराई जा रही है। यदि कार्य में कोई कमी होगी तो उसे सही कराया जाएगा।