टनकपुर के सीएम कैंप कार्यालय में आगामी मानसून को लेकर तैयारियों की समीक्षा बैठक लेते विधायक प्र
टनकपुर (चंपावत)। प्रशासन ने मानसून को देखते हुए तैयारियां शुरू कर दी हैं। सभी विभागों को आवश्यक मशीनरी, संसाधन और मानव बल की उपलब्धता सुनिश्चित रखते हुए मानसून अवधि में 24 घंटे सतर्कता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
बुधवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सीएम कैंप कार्यालय में विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार और एसडीएम प्रमोद कुमार ने मानसून में आपदा से निपटने और जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियों और विभागीय कार्य योजना की समीक्षा बैठक की। संबंधित अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था, संवेदनशील और जलभराव वाले क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार आरबीएम भरान, नालों और जल निकासी मार्गों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संभावित आपदा प्रभावित स्थलों पर सतत निगरानी, विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और हर समय सतर्कता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
अवगत कराया कि सीएम धामी की ओर से स्वयं मानसून की तैयारियों की निरंतर समीक्षा कर प्रत्येक विभाग की तैयारियों का नियमित संज्ञान लिया जा रहा है। आमजन की सुरक्षा, जनसुविधाओं का निर्बाध संचालन और संभावित आपदाओं से प्रभावी बचाव शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में तहसीलदार पिंकी आर्य, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण, वन विभाग, रेलवे विभाग, यूपीसीएल, जल संस्थान, नलकूप विभाग और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।