बाराकोट में खंड शिक्षाधिकारी व विद्यालय में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों को भरने की मांग को
लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट में खंड शिक्षाधिकारी और प्रधानाचार्य के रिक्त पदों को भरने के लिए जन प्रतिनिधि और लोग मुखर हो गए हैं। आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन कर जल्द रिक्त पदों को नहीं भरने की मांग की।
बाराकोट के ज्येष्ठ उप प्रमुख नंदा बल्लभ बगौली के नेतृत्व में लोगों ने खंड शिक्षाधिकारी और प्रधानाचार्यों के पद रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर बाराकोट बाजार में शिक्षा विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। ज्येष्ठ उप प्रमुख ने कहा कि बाराकोट ब्लाॅक के किसी भी इंटर कॉलेज में एक भी स्थायी प्रधानाचार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य का कार्यभार शिक्षक संभाल रहे हैं।
इसके अलावा खंड शिक्षा अधिकारी का पद भी रिक्त है। पदों के रिक्त होने से छात्र-छात्राओं का भविष्य चौपट हो गया है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द सभी स्कूलों में स्थायी प्रधानाचार्योंं और खंड शिक्षा अधिकारी की नियुक्ति नहीं हुई तो वह जनता को साथ लेकर आंदोलन के लिए मजबूर हो जाएंगे। प्रदर्शन करने वालों में व्यापार संघ अध्यक्ष संजय वर्मा, दीपक जोशी, संजय सिंह, रमेश चंद्र पंत, गोपाल सिंह, हरीश राम आदि मौजूद रहे।