पाटी के कूंण भुम्वाड़ी में पेयजल समस्या को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : LOHAGHAT
पाटी (चंपावत)। विकासखंड पाटी के कूंण भुम्वाड़ी गांव में पेयजल किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने शीघ्र पेयजल व्यवस्था सुचारु न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
शनिवार को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया के नेतृत्व में आक्रोशित ग्रामीणों ने जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि पाटी ब्लाक के ग्राम पंचायत कूंण व भुम्वाड़ी गांव की पेयजल लाइन में करीब दो माह से पानी नहीं आ रहा है। उनका कहना था कि स्रोत में पर्याप्त पानी होने के बावजूद भी वह प्यासे रह गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत बन रही नई पेयजल योजना को पुरानी पेयजल योजना के स्रोत से जोड़ने के कारण पानी नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों का कहना था कि उन्हें पुरानी योजना से पर्याप्त पानी मिल रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें पेयजल के लिए लंबी दौड़ लगानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने डीएम से पेयजल व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की है। जल संस्थान के अवर अभियंता चंद्रशेखर पंत का कहना है कि योजना में आई समस्या का समाधान कर पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में छत्तर सिंह, मोहन सिंह, डिकर सिंह, कुंवर सिंह, श्याम सिंह, पूरन सिंह, उत्तम सिंह आदि शामिल रहे।