लोहाघाट (चंपावत)। पिथौरागढ़ से जुड़े राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे एनएच खंड की ओर से बनाई जा रही नालियों का निर्माण कार्य अधूरा है। इस कारण नालियों के किनारे मलबा जमा होने से बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया। आक्रोशित लोगों ने एनएच खंड के खिलाफ प्रदर्शन कर उसकी कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताई।
बृहस्पतिवार रात हुई मूसलाधार बारिश से आया मलबा एनएच खंड की निर्माणाधीन नालियों में भर गया। यही मलबा बारिश के पानी के साथ लोगों के घरों में घुस गया। इसने भारी तबाही मचा दी। क्षेत्रवासियों का कहना है कि भारी मात्रा में पानी और मलबा घरों में घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बने स्क्रबर भी बंद हैं। इससे उनके मकानों को खतरा पैदा हो गया है। सड़क में लबालब कीचड़ भरने से यहां लोगों के पैदल चलने में भारी परेशानी हो रही है। कीचड़ में रपटकर कई दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो गए। आक्रोशित लोगों ने एनएच खंड के इंजीनियरों से नालियों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर उसे बंद करने, नालियों में पड़ा मलबा हटाकर नालियों को खोलने, बंद स्क्रबर खोलने की मांग की। इनमें गिरीश माहरा, नरेश चंद्र, पुष्पा गड़कोटी, मंजू माहरा, रेखा देवी आदि थे।