लोहाघाट में नारेबाजी कर प्रदर्शन करते लोक शिक्षा केंद्रों के प्रेरक।
- फोटो : अमर उजाला
लोक शिक्षा केंद्रों में तैनात प्रेरकों की सेवाएं समाप्त करने के आदेश और 18 महीनों से मानदेय नहीं मिलने से आक्रोशित प्रेरकों ने बीआरसी परिसर में प्रदर्शन कर शासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने देहरादून में धरने पर बैठे प्रेरक की मौत पर दुख जताते हुए शासन के रवैये पर नाराजगी जताई। मांगे पूरी नहीं होने पर चक्का जाम और धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई।
शुक्रवार को दिनेश चंद्र पांडेय की अध्यक्षता में विकासखंड के प्रेरकों ने बीआरसी परिसर में प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। उन्होंने देहरादून में धरना दे रहे प्रेरक की मौत पर गहरा दुख जताते हुए सरकार पर उनकी उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
कहा कि प्रेरक देहरादून के परेड ग्राउंड में अपनी मांगों को लेकर दो सप्ताह से लगातार धरना दे रहे हैं।
सरकार उनकी मांगों को पूरा करने के बजाय उन पर लाठी चार्ज करा रही है। गुस्साए प्रेरकों ने समय से मानदेय न देने और मांगों को पूरा नहीं करने के विरोध में चक्का जाम व धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में महेश पाठक, पुष्पा पांडेय, बसंती बोहरा, विपिन पचौरी, कुसुमलता, रेखा भट्ट, हरिप्रिया, बसंती काजी, चंद्रशेखर तिवारी, नाथ सिंह, देवी सिंह, कमलकांत, महेश राम आदि मौजूद थे।