ग्राम प्रधान संगठन की जिला इकाई ने विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधानों ने डीएम डॉ.अहमद इकबाल और जिला विकास अधिकारी आरसी तिवारी को ज्ञापन सौंपकर तीन माह पहले अवमुक्त हुई 14वें वित्त की किश्त ग्राम पंचायतों के खाते में डालने की मांग की।
ग्राम प्रधानों का कहना था कि 14वें वित्त की धनराशि से ऑनलाइन कार्ययोजनाओं के स्वीकृत कार्यों को पूरा किया जाना है, लेकिन अब तक धनराशि पंचायतों के खातों में नहीं आने से ग्राम प्रधानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम प्रधानों का कहना था कि मनरेगा के मस्टरौल भी मात्र तीन ही दिन के निकल रहे हैं, जबकि मस्टरौल 14 दिनों के निकाले जाने चाहिए थे। उन्होंने ग्राम प्रधानों की मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी है। ग्राम प्रधान संगठन जिलाध्यक्ष चांद बोहरा के नेतृत्व में प्रदर्शन करने और ज्ञापन देने वालों में सोनू नाथ गोस्वामी, ललित सिंह, मुकेश जोशी, सतीश जोशी आदि प्रधान शामिल रहे। दुग्ध संघ के पूर्व अध्यक्ष अमर सिंह कोटियाल ने भी प्रधानों की मांगों का समर्थन कर प्रदर्शन में शिरकत की।