टनकपुर (चंपावत)। वार्ड तीन की मुख्य सड़क और मनिहारगोठ मार्ग पर रेलवे से फुटपाथ के लिए भूमि छोड़ने की मांग के लिए रविवार को लोग सड़क पर उतर आए। उन्होंने रोड पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मामला रेलवे के अधिकारियों के समक्ष मामला उठाएं। अधिकारियों के समझाने पर लोग सड़क से उठ गए और जाम खोला।
वर्तमान में रेलवे की ओर से स्टेशन के लिए जाने वाले मनिहारगोठ मार्ग पर चहारदीवारी का निर्माण किया जा रहा है। पिछले कुछ समय से वार्ड तीन के लोग रेलवे से फुटपाथ के लिए जगह छोड़ने की मांग उठा रहे हैं। उन्होंने बीते दिनों विभिन्न मंचों पर भेजे गए ज्ञापन में कहा है कि इस मार्ग पर भारी वाहन भी चलते हैं और पूर्णागिरि मेले के दौरान यातायात अधिक रहता है।
रविवार दोपहर बाद वार्ड तीन के सभासद दिलदार अली और वार्ड-4 के सभासद वकील अहमद के नेतृत्व में कई लोग सड़क पर बैठक गए और जाम लगा दिया। सूचना पर एसएसआई पूरन सिंह तोमर, मनिहारगोठ चौकी इंचार्ज तेज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जाम लगा रहे लोगों को समझाया और यातायात खुलवाया।