टनकपुर (चंपावत)। नगर के वार्ड संख्या चार, रेलवे एरिया के कई लोगों ने सभी आपदा प्रभावितों को सीएम कैंप कार्यालय पहुंचकर मुआवजा और राशन किट देने की मांग उठाई। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर कहा कि अपात्र लोगों को भी मुआवजा राशि दी जा रही है जबकि पात्र लोग अभी भी वंचित हैं। इस दौरान लोगों ने रोष जताया।
सोमवार को वार्ड संख्या चार के कई आपदा प्रभावित शरद कुमार के नेतृत्व में सीएम कैंप कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि सात जुलाई की रात में जलभराव से उनके घरों में भी नुकसान हुआ। न तो उनको राशन किट मिला और न ही मुआवजा की राशि मिली है। आरोप लगाया कि तहसील से अपात्र लोगों को जल भराव के नाम पर पांच हजार रुपये की धनराशि दी जा रही है। उन्होंने शिकायत तहसील में मौखिक रूप से की थी लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। आरोप लगाया कि तहसील और पालिका के कुछ अधिकारी अपने खास लोगों को धनराशि और किट दे रहे हैं। उन्होंने मामले की जांच कराने और पात्र लोगों को मुआवजा राशि और राशन किट देने की मांग की है।
इस दौरान कई महिलाओं और लोगों ने नाराजगी जताई। ज्ञापन देने वालों में दुलारी देवी, रीना, सपना, मेहरुन, मेरु निशा, दीन दयाल राम, कमला, संगीता, सीता, रुचि, विनीता देवी, सोमवती, मिथलेश, गोमती देवी, राशिद, सुनीता, लक्ष्मी, मीना, मिथिलेश, निशा समेत अनेक महिलाएं और लोग मौजूद रहे।