टनकपुर (चंपावत)। पालिक के सभासदों ने पालिकाध्यक्ष को ज्ञापन भेजकर शासन की ओर से नियुक्त अधिशासी अधिकारी को कार्यभार ग्रहण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि एक सप्ताह से अधिक समय हो चुका है पदभार ग्रहण न होने के कारण विकास कार्य और जनहित के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
हल्द्वानी नगर निगम से ईओ के पद पर पूजा आर्या के लिए आदेश हुआ था। ईओ ने 21 जनवरी को पालिका कार्यालय में उपस्थिति दर्ज कराई थी। इस मामले में 31 जनवरी को सभासद दिलदार अली, सब्या बाल्मीकि, शैलेंद्र सिंह, बबीता वर्मा, हसीब अहमद, दिनेश कुमार, आशा भट्ट, सविता बिष्ट, वकील अहमद ने ज्ञापन भेजकर कहा कि अधिशासी अधिकारी को एक सप्ताह से अधिक समय हो चुका है। पदभार ग्रहण न होने के कारण विकास कार्य, जनहित के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ईओ के पद भार ग्रहण करने की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। इधर, 10 सभासदों ने ज्ञापन भेजकर जनहित में बोर्ड की बैठक नौ फरवरी तक कराने की मांग की है। उन्होंने सात फरवरी 2025 से सात फरवरी 2026 तक का आय और व्यय का ब्योरा, कार्य पारदर्शिता के लिए सफाई, निर्माण, क्रय, आडिट समिति का गठन, निर्माण और विकास, सफाई से संबंधित चर्चा शामिल कराने की मांग की है। इस दौरान सभासद चर्चित शर्मा समेत अन्य शामिल रहे। संवाद