लोहाघाट (चंपावत)। नगर की हनुमान मंदिर रोड पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग को लेकर लोग मुखर हो गए हैं। आए दिन हो रही घटनाओं को देखते हुए लोगों ने नगर पंचायत से स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
लोगों का कहना है कि हनुमान मंदिर मार्ग पर स्पीड ब्रेकर न होने से हर वक्त दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। स्पीड ब्रेकर न होने से इस मार्ग पर दोपहिया वाहन चालक तेज गति से वाहन चलाते हैं। इन वाहनों की चपेट में आने से कई लोग घायल भी हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि नगर पंचायत से कई बार स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की जा चुकी है। नगर पालिका इस पर ध्यान नहीं दे रही है। एडवोकेट बीडी मुरारी, लक्ष्मण बिष्ट, अमित माहरा, सुरेश जोशी, राजीव मुरारी, जीवन पंगरिया, दयाल नाथ, संजय पंगरिया, राहुल सिंह आदि ने इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है। चेयरमैन गोविंद वर्मा का कहना है कि लोगों की मांग पर हनुमान मंदिर मार्ग पर स्पीड ब्रेकर लगा दिए जाएंगे।