सडीएम हिमांशु कफल्टिया को ज्ञापन सौंपते बनबसा के व्यापारी नेता।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। बनबसा व्यापार मंडल ने भारत-नेपाल के बीच कोरोना काल से पूर्व जैसा आवागमन सुचारु किए जाने की मांग उठाई है। उन्होंने एसडीएम हिमांशु कफल्टिया को ज्ञापन सौंप कर जरूरी कार्रवाई करने का आग्रह किया है। कहा गया है कि साइकिल और वाहनों से आवागमन पर एसएसबी की रोक से व्यापार प्रभावित हो रहा है। लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। जबकि भारतीय सीमा तक ई-रिक्शों से आवागमन पर कोई रोक-टोक नहीं हो रही है। इसका ई-रिक्शा चालक फायदा उठाते हुए मनमाना किराया वसूल रहे हैं।
व्यापार मंडल अध्यक्ष परमजीत सिंह गांधी नीटू की अगुवाई में एसडीएम से मिले व्यापारी नेताओं ने कहा कि एसएसबी ने नियम का हवाला देते हुए दोनों देशों के बीच साइकिल व वाहनों से आवागमन पर रोक लगाई है। यदि नियम की बाध्यता नहीं है तो साइकिल व वाहनों से आवागमन सुचारु कराया जाए। उन्होंने ई-रिक्शा, मैजिक और बाइकों में बस अड्डे से नेपाली नागरिकों को सीधे सीमा पर पहुंचाने का भी विरोध किया है। कहा कि इससे नेपाली नागरिकों को बनबसा बाजार में खरीददारी का मौका नहीं मिलता और कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने व्यापारियों को कारोबारी लेनदेन के लिए बेरोकटोक नेपाल जाने-आने की अनुमति दिए जाने का भी आग्रह किया है। एसडीएम ने व्यापारी नेताओं को जरूरी कार्रवाई करने के लिए आश्वस्त किया है। ज्ञापन देने वालों में कोषाध्यक्ष लोकेश कुमार, सांसद प्रतिनिधि संजय जोशी आदि शामिल थे।