टनकपुर (चंपावत)। कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय से दुकानें खोलने की गुहार लगाने के बाद अब व्यापारी नेताओं ने एसडीएम हिमांशु कफल्टिया को ज्ञापन सौंपकर मांग दोहराई। कहा कि दुकान का किराया और बिजली-पानी का बिल तक चुकाना मुश्किल हो गया है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष शाहिद हुसैन की अगुवाई में सचिव संजय पांडेय और उपाध्यक्ष अंकित अग्रवाल सोमवार को एसडीएम हिमांशु से मिले। व्यापारी नेताओं ने एसडीएम को बताया कि पिछले वर्ष लगे लॉकडाउन के कारण व्यापार चौपट होने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
पिछले साल के नुकसान से उबरने से पहले ही दूसरी लहर में भी बाजार बंद करा दिया गया। इस कारण फिर से कारोबार ठप हो गया है। उन्होंने कहा कि राजस्व का नुकसान बचाने के लिए सरकार ने बैंक, खनन, सार्वजनिक निर्माण कार्य जारी रखे हैं।
इसलिए व्यापारियों के हित में बाजार भी खोलने की अनुमति दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कारोबार चौपट होने से व्यापारी बैंक की किस्त, बिजली, पानी के बिल, दुकानों का किराया तक नहीं चुका पा रहे हैं। उन्होंने कोविड गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करा दुकानें खोलने की अनुमति मांगी है।