टनकपुर में आयोजित तहसील दिवस में फरियादी कम और अधिकारी ज्यादा पहुंचे। पांच से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराई। एसडीएम अनिल चन्याल की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रकाश मुरारी ने बिजली आपूर्ति सुधारने, ककनई के पूर्व बीडीसी सदस्य जगदीश परगाई ने एक साल से क्षतिग्रस्त ककनई एकल पेयजल योजना की मरम्मत एवं सूखीढांग-डांडा-मीडार मोटर मार्ग से मलबा हटाकर यातायात बहाली की मांग उठाई।
फागपुर के प्रसाद ने वृद्धावस्था पेंशन की समस्या, गैंड़ाखाली में कुलदीप ने विद्युत पोल बदलने, मनिहारगोठ के मोहन सिंह ने आबादी से गुजर रही विद्युत लाइन को सुरक्षित स्थान पर लगाने की मांग की। एसडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को दर्ज हुई समस्याओं को जल्द दूर करने के निर्देश दिए हैं। वहां विद्युत, चिकित्सा, सिंचाई, पेयजल, वन, पुलिस, उद्यान समेत कई विभागों के अधिकारी थे।