बाराकोट के गल्लागांव में सड़क किनारे बंद नालियों को खोलने की मांग करते ग्रामीण। स्रोत: ग्रामीण
लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट ब्लाॅक के गल्लागांव में सड़क किनारे पक्की नालियां न होने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश के दौरान मोटर मार्ग की नालियां बंद हो गई हैं। ग्रामीणों ने पक्की नालियां बनाने और बंद नालियों की सफाई कराने की मांग उठाई है।
बृहस्पतिवार को जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी, गलीप सिंह, होशियार सिंह, उदय सिंह, मनोज सिंह, त्रिलोक सिंह, प्रकाश सिंह आदि ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम गल्लागांव में बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश से हुए भूस्खलन के कारण लोहाघाट-बाराकोट मार्ग पर भीमनगर से प्राथमिक विद्यालय कालाकोट तक नालियां अवरुद्ध हो गई हैं। इससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि नालियों में रुक रहे पानी से क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है और सड़क भी धंस गई है। उन्होंने कहा कि गल्लागांव पहले से ही भूस्खलन की जद में है। ग्रामीणों ने लोनिवि से जल्द पक्की नालियां बनाकर समस्या का समाधान करने की मांग की। लोनिवि के ईई हितेश कांडपाल ने बताया कि गल्लागांव में जेसीबी मशीन भिजवाकर बंद नालियों को खोल दिया गया है। जल्द अन्य समस्या का भी समाधान करा दिया जाएगा।