लोहाघाट (चंपावत)। नगर पालिका सभागार में बुधवार को कृष्ण जन्माष्टमी मेले की तैयारियों के लिए बैठक हुई। इसमें मेला समिति, नगर पालिका और व्यापारियों ने यातायात, श्रद्धालुओं की सुविधा और दुकानों की व्यवस्था पर चर्चा की।
बैठक में तय हुआ कि मेले में दुकान लगाने वाले व्यापारियों को नगर पालिका पहचान पत्र जारी करेगी। शिव मंदिर जाने वाले मार्गों पर चूने का छिड़काव और बैरियर लगाए जाएंगे। रैन बसेरे से लकड़ी के टाल की ओर जाने वाले मार्ग पर वन-वे व्यवस्था रहेगी।
श्रद्धालु इसी ओर से मंदिर जाएंगे और वापसी पेट्रोल पंप की ओर से बाजार में होगी। डोला यात्रा खड़ी बाजार से स्टेशन बाजार, शीतला माता मंदिर और लकड़ी के टाल होते हुए पेट्रोल पंप, कालू सिंह चौराहा और नैनीताल बैंक मार्ग से वापस खड़ी बाजार पहुंचेगी। यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
हटाए गए वाहनों के लिए नगर पालिका बरात घर और ऋषेश्वर मंदिर पार्किंग में व्यवस्था की जाएगी। बैठक में पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा, ईओ सौरभ नेगी समेत सभासद, व्यापार संघ पदाधिकारी और मेला समिति से जुड़े लोग मौजूद रहे।