राज्य स्तरीय 17 वीं बालक हॉकी प्रतियोगिता फाइनल मुकाबलों के साथ ही सोमवार को संपन्न हो गई। सीनियर वर्ग में देहरादून एवं जूनियर व सब जूनियर वर्ग की चैंपियनशिप पर स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून ने कब्जा जमाया। बतौर मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय ने विजेता व उप विजेता टीमों को पुरस्कृत किया।
स्टेडियम मैदान में आयोजित प्रतियोगिता के तहत सीनियर वर्ग का फाइनल मुकाबला देहरादून व चंपावत के बीच हुआ, जिसमें देहरादून ने चंपावत को पराजित कर चैंपियनशिप जीती। जूनियर वर्ग का फाइनल स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून व देहरादून जिले की टीम के मध्य हुआ, जिसमें स्पोर्ट्स कॉलेज की टीम ने देहरादून जिले का हराया।
सब जूनियर वर्ग के फाइनल में स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून व ऊधम सिंह नगर जिले की टीम में भिडंत हुई। स्पोर्ट्स कॉलेज ने ऊधम सिंह नगर को करारी शिकस्त दी। निर्णायक मंडल में सुरेंद्र सिंह अधिकारी, तरुण बेलवाल, अशोक ठकुराठी, दीपक वर्मा, राजेंद्र कनवाल, प्रकाश सिंह, गौरव, सतीश जोशी, कुंदन कनवाल, सैमुअल चंद्र, नीरज वर्मा आदि शामिल थे।
प्रतियोगिता संचालन राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक नरेश राय ने किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में उप जिला क्रीड़ा अधिकारी जगजीवन सिंह मेहता, जिला खेल समंवयक प्रदीप बोहरा, एसपी यादव, अंबा दत्त पंत, वेदप्रकाश पंत, मुकेश वर्मा आदि ने सहयोग दिया। प्रतियोगिता के संयोजक मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी पुरोहित व सह संयोजक जीआईसी के प्रधानाचार्य तेज बहादुर गंगवार ने सहयोगियों का आभार जताया।