जिले में बीते 24 घंटे में भारी बरसात से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बारिश का कहर टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही कई आंतरिक मोटर मार्गों में टूटा है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जहां स्वांला के समीप मलबा आने से कई बार वाहनों की आवाजाही बंद हुई तो अन्य मोटर मार्गों के बंद हो जाने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। चंपावत-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वांला के समीप इस बार भूस्खलन का एक और नया स्थल बन गया है। नदी नालों के उफान पर आने के कारण कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क कट गया। बनबसा के गुमदी के एक मुर्गी फार्म में पानी भरने से नुकसान की सूचना है।
आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के निर्देश पर विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं की ओर से बंद सड़कों को खोलने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में वर्षा से बंद हुए चंपावत-खेतीखान, लोहाघाट-पंचेश्वर तथा धौन से बनलेख तक चंपावत-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार कुमाऊं मंडल में कहीं-कहीं पर भारी से भारी वर्षा हो सकती है। एडीएम हेमंत कुमार वर्मा ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी और बारिश की स्थिति को देखते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को एलर्ट पर रखा गया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वांला के समीप आज सुबह आठ बजे भारी वर्षा से सड़क बंद हो गई थी, जिसे नौ बजे यातायात के लिए खोल दिया गया। इसके बाद ठीक उसी स्थान पर करीब साढ़े नौ बजे फिर से मलबे का ढेर लग गया। जिसे जेसीबी की सहायता से दस बजे यातायात के लिए खोल दिया गया।
चंपावत में मलबा आने से बंद मोटर मार्ग
चंपावत। जिले में भारी बारिश के कारण मलबे से कई मोटर मार्ग बंद हैं। सभी मोटर मार्गों से मलबा, बोल्डर आदि जेसीबी के माध्यम से हटाए जा रहे हैं। बंद मोटर मार्गों में धौन-दियूरी, तिमलागूठ-पीपलढ़ांग, धतीगांव-सिलतुगाड़ा, मडलक पांडेय, चंपावत मंच-तामली, बाराकोट सिमलखेत, मंच से नीड़, धौन-सिमली, चौमेल से वल्सों मोटर मार्ग शामिल हैं। इनमें से धौन-दियूरी, तिमलागूठ-पीपलढ़ांग, धतीगांव-सिलतुगाड़ा, मडलक पांडेय, चंपावत मंच-तामली मार्ग छोटे वाहनों के लिए खुले हैं।
कहां कितनी बारिश
चंपावत में 28 मिमी
लोहाघाट में 10 मिमी
पाटी में 4 मिमी
बनबसा में 170 मिमी
नदियों का जल स्तर
शारदा बैराज में सुबह आठ बजे तक डिस्चार्ज 61758 क्यूसेक तथा वाटर लेबल 219.90 मीटर।