टनकपुर/चंपावत। क्षेत्र और पहाड़ में रुक-रुक कर भारी बारिश से नदी नालों के उफान में आने का क्रम जारी है। बुधवार की रात से जारी बारिश से बाटनागाड़ के उफान में आने से पूर्णागिरि मार्ग में भारी मलबा आने से यातायात बंद हो गया।
बृहस्पतिवार सुबह 6 बजे मार्ग खुलने के समय वाहन आगे बढ़े तो बाटनागाड़ में भारी मलबा आया था। इस पर लोनिवि की टीम जेसीबी और पोकलेन से मलबा हटाने में जुटी। करीब तीन घंटे तक यातायात बंद रहा और मलबा हटाने पर सुबह नौ बजे से यातायात सुचारु हो सका। लोनिवि एई लक्ष्मण सिंह सामंत ने बताया कि मलबा हटाकर यातायात को सुचारु कर दिया है। इस बीच सुबह के समय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
चंपावत-टनकपुर एनएच पर आठवां मील आवाजाही में मुसीबत बना हुआ है। हल्की बारिश में यहां पर पहाड़ी से लगातार मलबा गिर रहा है। यहां पर पिछले दो दिन से लगातार मलबा गिरने के कारण यातायात घंटों बाधित हो रहा है। लोगों को आवाजाही करने में दिक्कत हो रही हैं। दो दिन में लगातार करीब ढाई-ढाई घंटे टनकपुर से चंपावत की तरफ आने वाले सैकड़ों वाहन फंसे रहे।