टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर के वार्ड नंबर तीन अंबेडकरनगर निवासी एक किशोर का शव पेड़ पर लटका मिला। नाबालिग रविवार सुबह से घर से लापता था। पुलिस मामले को आत्महत्या मान रही है। किशोर के माता-पिता नहीं है और वह अपने ताऊ के साथ रहता था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। सोमवार दोपहर को किशोर का अंतिम संस्कार किया गया।
अंबेडकरनगर निवासी अनुज (14) पुत्र स्व. तिलक राम अपने ताऊ ओमप्रकाश के साथ रहता था। रविवार सुबह से ही वह घर से लापता था। परिजनों ने उसकी खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। देर शाम अनुज के ताऊ ओमप्रकाश ने कोतवाली में उसके गायब होने की मौखिक सूचना दी।
देर रात किसी ने पुलिस को शारदा बैराज के पास सालवनी के जंगल में एक पेड़ पर एक शव लटका होने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतारकर कब्जे में लिया। शव नाबालिग का होने पर पुलिस ने इसकी सूचना गुमशुदा अनुज के परिजनों को दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त अनुज के रूप में की।
मनिहारगोठ पुलिस चौकी के प्रभारी जितेंद्र बिष्ट ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शव के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक के ताऊ ओमप्रकाश ने बताया कि अनुज के पिता तिलक राम ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या की थी जबकि मां का बीमारी से निधन हुआ था। अनुज शारदा घाट के पास प्रसाद बेचने का काम करता था।