फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीबीसी की खेतीखान में एक माह बाद भी लटके हैं ताले

Sun, 15 Apr 2018 10:19 PM IST
अमर उजाला ब्यूराे चंपावत।
विज्ञापन
खेतीखान में एक माह से बंद पड़ा जिला सहकारी बैंक। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक (डीसीबी) की खेतीखान शाखा एक माह से काम नहीं कर रही है। 16 मार्च को बैंक के कैशियर ललित सिंह बिष्ट और राजेंद्र वर्मा की बैंक के ही गार्ड दिनेश बोहरा द्वारा गोली मारकर हत्या करने के बाद से इस बैंक मेें ताले लटके हैं। नए प्रबंधक व अन्य कर्मियों की तैनाती के बावजूद यह बैंक अब तक बंद हैं। इसके चलते इस शाखा के करीब चार हजार खातेदारों को भारी परेशानी हो रही है।  
विज्ञापन


खेतीखान शाखा का काम 16 मार्च के बाद से पाटी, लोहाघाट और बाराकोट शाखा के जरिए चल रहा है। इन शाखाओं की खेतीखान से दूरी 12 किमी से 29 किमी तक है। इस दूरी को तय कर जाने में बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। ग्राम प्रधान गिरिराज देउपा, मुकेश देउपा, विक्रम सिंह, उत्तम देव आदि का कहना है कि आलू की बुवाई के वक्त सहकारी बैंक से न केवल धन की निकासी बढ़ती है, बल्कि किसान फसली ऋण भी लेते हैं। मगर ज्यादातर लोगों को इस सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। इसके अलावा बुजुर्ग किसानों की पेंशन और समाज कल्याण विभाग की पेंशन के लिए भी लोगों को पापड़ बेलने पड़ रहे हैं।   
आज डीएम से मिलेंगे, कल से अनशन करेंगे  
डीसीबी की शाखा का खेतीखान में संचालन नहीं होने से नाराज लोग अब आंदोलन की राह पकड़ेंगे। ग्राम प्रधान भैरव दत्त ओली और समाजसेवी रिटायर्ड प्रधानाचार्य सीएल वर्मा का कहना है कि खेतीखान शाखा शुरू नहीं होने पर 17 अप्रैल से अनशन किया जाएगा। इससे पूर्व सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल चंपावत में डीएम से मिलेगा। जल्द बैंक की शाखा में काम शुरू नहीं होने पर आंदोलन के साथ ही उपभोक्ता फोरम से लेकर अदालत की शरण जाने की भी बात कही गई है।  
विज्ञापन


पुरानी जगह पर शुरू होगी बैंक की शाखा!
तो क्या डीसीबी खेतीखान शाखा में पुरानी जगह पर ही बैंक का काम शुरू होगा। पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक राम अवध का कहना है कि शाखा के लिए नई जगह नहीं मिलने पर अब पुराने स्थान पर ही काम शुरू किया जाएगा। उनका कहना है कि प्रबंधक, कैशियर व चतुर्थ श्रेणी कर्मी की तैनाती के बाद अब नए सुरक्षा गार्ड की भी तैनाती की जा रही है। जीएम का कहा है कि बैंक संचालन के लिए वे सोमवार को खुद खेतीखान आएंगे। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें