लोहाघाट (चंपावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लोहाघाट के छमनियां में निर्माणाधीन प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। करीब 256 करोड़ की लागत से बन रहा यह संस्थान अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है जो राज्य की महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिभा दिखाने का अवसर देगा।
मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय के भीतर उच्च मानकों के साथ पूरे किए जाएं। इस दौरान उन्होंने फुटबॉल ग्राउंड, एस्ट्रोटर्फ हॉकी, वालीबाल, बास्केटबॉल कोर्ट और सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक सहित अन्य खेल मैदानों की प्रगति की समीक्षा की। इसके अलावा 300 बालिकाओं की क्षमता वाला छात्रावास, प्रशासनिक भवन, मल्टीपर्पज हॉल और ऑडिटोरियम की भी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह संस्थान विशेष रूप से ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बेटियों को प्रशिक्षण, शिक्षा और आवास की समग्र व्यवस्था प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ने का सशक्त मंच देगा।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, गोविंद वर्मा, सुभाष बगोली, हिमेश कलखुड़िया, निर्मल माहरा, सीडीओ डॉ. जीएस खाती, एडीएम कृष्णनाथ गोस्वामी आदि मौजूद रहे।
प्रमुख घोषणाएं :
रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने रामलीला मैदान में कुमाऊंनी शैली में भव्य दर्शक दीर्घा का निर्माण, पुलहिंडोला और देवीधुरा में स्थायी हेलीपैड का निर्माण, लधिया घाटी में महाविद्यालय का प्रस्ताव और पंचेश्वर में स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा, फोर्ती, कमलेख और पटनगांव को आदर्श ग्राम सभा के रूप में विकसित करने की घोषणा की है।
नागरिक अभिनंदन और राजनीतिक सरगर्मी
लोहाघाट की जनता ने मुख्यमंत्री का भव्य नागरिक अभिनंदन किया और उन्हें गदा भेंट की। इस दौरान क्षेत्र में हुए विकास कार्यों (सरयू लिफ्ट योजना, मल्टी स्टोरी पार्किंग आदि) के लिए उनका आभार जताया गया। इस दौरान विधायक अधिकारी ने नगर लोहाघाट की नजूल भूमि को फ्री होल्ड कर लोगों को इसमें मालिकाना हक दिलाने की मांग को लेकर सीएम धामी को ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, दायित्वधारी श्याम नारायण पांडेय, पालिकाध्यक्ष लोहाघाट गोविंद वर्मा, चंपावत प्रेमा पांडेय, ब्लाॅक प्रमुख महेंद्र ढेक, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष जुकरिया आदि मौजूद रहे।
दिलचस्प राजनीतिक मोड़:
कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने सरयू लिफ्ट पेयजल योजना की स्वीकृति के लिए खुले मंच से सीएम का आभार जताया। हालांकि भाजपा जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ कांग्रेस विधायक विकास की तारीफ कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर उनके जिलाध्यक्ष विरोध कर रहे हैं, जो कांग्रेस की आपसी कलह को दर्शाता है।